रविवार की सुबह बिहार के जोगबनी से दिल्ली आ रही 12487 सीमांचल एक्सप्रेस दुर्घटनाग्रस्त हो गई. जिसमें अब तक 6 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है वहीं 24 अन्य घायल हैं. घायलों का इलाज सदर अस्पताल हाजीपुर में किया जा रहा है.
सुबह चार बजे के क़रीब हाजीपुर-बछवाड़ा रेलखंड के महनार और सहदोई स्टेशन के बीच सहदेई बुज़ुर्ग में हुए इस हादसे में ट्रेन की 11 बोगियां पटरी से उतर गईं.
हादसे के कारणों का अभी पता नहीं चला है. रेलवे ने जांच के आदेश दे दिये हैं. इस दुर्घटना के बाद कई ट्रेनों की रूट में बदलाव किये गये हैं.
हादसे के बाद रेलवे ने मुआवजे की घोषणा की है. हादसे में मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख ,गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपये मुआवज़ा देने की घोषणा हुई है. साथ ही इलाज का पूरा ख़र्च रेलवे उठाएगी.
घटनास्थल से नीरज प्रियदर्शी बीबीसी को जानकारी दे रहे हैं. उन्होंने बताया कि एसी के तीन डिब्बे पूरी तरह पलट गए हैं और अंदर कई यात्रियों के फंसे होने की आशंका है.
आपदा प्रबंधन विभाग के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बीबीसी को बताया, "अभी तक सात लोगों की मौत हुई हैं. इनमें से छह की पहचान कर ली गई है. मृतकों में तीन बिहार के खगड़िया ज़िले से और तीन पश्चिम बंगाल के यात्री हैं. एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है. सभी घायलों को सदर अस्पताल हाजीपुर में भर्ती कराया गया है."
रेल मंत्री पीयूष योयल के साथ ही रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा ने इस दुर्घटना पर दुख प्रकट किया है.
पीटीआई ने पूर्व मध्य रेलवे के प्रवक्ता राजेश कुमार के हवाले से बताया कि हादसा तड़के चार बजे के करीब हुआ जिसमें सीमांचल एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतरे हैं.
राजेश कुमार ने बताया कि हादसे में एक जनरल कोच, एक एसी कोच बी3, तीन स्लीपर कोच एस8, एस9, एस10 समेत चार अन्य कोच पटरी से उतरे हैं.
उन्होंने बताया कि 12487 जोगबनी-आनंदविहार एक्सप्रेस दुर्घटना के वक्त तेज़ रफ़्तार से दौड़ रही थी.
राजेश कुमार के मुताबिक हादसे की जानकारी मिलते ही सोनपुर और बरौनी से डॉक्टरों की टीम को घटनास्थल पर रवाना कर दिया गया था जो घटनास्थल पर पहुंच चुकी है और बचाव कार्य जारी है.
सोनपुर रेलमंडल से अधिकारियों की टीम भी मौके पर पहुंच गई है.
एडीजी रेलवे की पीआर स्मिता वत्स ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि एनडीआरएफ की दो टीमें घटनास्थल पर पहुंच गई है.
No comments:
Post a Comment